बंशीधर नगर (गढ़वा) : प्रखंड कार्यालय में शनिवार को पंचायत समिति की बैठक हुई। बैठक में मनरेगा, पीएम आवास, आपूर्ति, शिक्षा, कृषि, बाल विकास समेत विभिन्न विभागों की समीक्षा की गई तथा कई आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये। बैठक में प्रमुख रवींद्र पासवान ने प्रखंड में संचालित विकास योजनाओं की जानकारी ली तथा ससमय विकास योजनाओं को पूरा कराने का निर्देश दिया।
बैठक में कुशडंड के पंचायत समिति सदस्य के द्वारा गांव के डीलर के द्वारा लाभुकों के बीच चना का वितरण नहीं किये जाने का मामला उठाया। जिसपर नाराजगी प्रकट करते हुये प्रमुख ने बीडीओ को अविलंब डीलर से लाभुकों के बीच चना का वितरण कराने का निर्देश दिया।
बैठक में बीडीओ अमित कुमार ने 15 वें वित्त योजना के तहत सरकार की ओर से जारी किये गये गाईडलाईन से सदस्यों को अवगत कराया तथा उसके आलोक में सदस्यों को योजनाओं का चयन कर कार्यालय में सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि सभी पंचायत समिति सदस्य अपने-अपने क्षेत्रों में जनता से जुड़े योजनाओं का चयन करने का भी निर्देश दिया।
पीएम आवास की समीक्षा के दौरान बीडीओ ने कर्मियों को अपने अपने पंचायतों में निर्माणाधीन आवास योजना को समय पूरा कराने एवं पंसस को आवास पूर्ण करने के लिये लाभुकों को प्रेरित करने का निर्देश दिया। उन्होंने राशन कार्ड की समीक्षा के दौरान कहा कि ग्रीन कार्ड के लिये 15 अक्टूबर तक का समय बढ़ा दिया गया है। सभी कर्मी निर्धारित तिथि के अंदर कार्यालय में आवेदन जमा कर दें।
बीडीओ ने मनरेगा की समीक्षा के दौरान योजनाओं को ससमय पूरा कराने एवं शत प्रतिशत मानव दिवस सृजित करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कर्मियों को पेंशन के लिये योग्य लाभुकों का चयन करने का निर्देश दिया।
बैठक में उन्होंने सभी बैंकों के शाखा प्रबंधको को किसानों के साथ-साथ पशुपालन से जुड़े लोगों को भी केसीसी ऋण का लाभ देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि केसीसी किसानों के साथ साथ पशुपालन से जुड़े लोगों के लिये काफी महत्वपूर्ण है।
बैठक में सीओ अरुणिमा एक्का, सीडीपीओ रीना साहू, श्री बंशीधर नगर थाना के जेएसआई राजेश मुंडा, बीपीओ रविशंकर सिंह, प्रभारी आपूर्ति पदाधिकारी चंचल कुमार, जेई राजीव कुमार,बसंत कुमार, मुकेश चौबे, पीएमजीएसवाई के प्रखंड समन्वयक राशिद समेत सभी पंचायत समिति सदस्य मौजूद थे।