सगमा : बीडीओ रंजीत कुमार सिन्हा ने प्रखंड कार्यालय प्रशिक्षण सभागार में सोमवार को मुखिया एवं कर्मियों के साथ बैठक कर मनरेगा योजनाओं के द्वारा संचालित विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में पंचायत वार मनरेगा के तहत चल रहे टीसीबी, मेढ़बंदी, डोभा एवं आम बागवानी आदि संचालित योजनाओं की समीक्षा की गयी। बीडीओ ने रोजगार सेवकों को शत प्रतिशत रोजगार उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। बीडीओ ने कहा कि प्रवासी मजदूर अपने घर वापस लौट रहे हैं, उनका शत प्रतिशत जॉब कार्ड बन जाना चाहिए ताकि उन्हें रोजगार उपलब्ध कराया जा सके। आम बागवानी में समय पर सभी लाभुकों का शत प्रतिशत गड्ढ़ा की खुदाई हो जाने का निर्देश दिया गया। बैठक के दौरान बीडीओ ने कर्मियों को अपने कार्य प्रणाली में सुधार लाने की चेतावनी दी।
उन्होंने कहा कि कोई भी कार्य के लिए लाभुकों को परेशानी नहीं हो आप सभी की जिम्मेवारी है। अगर आप लोगों के खिलाफ कोई शिकायत मिलती है तो कड़ी कार्यवाई की जाएगी। वहीं मनरेगा वेंडरों के खिलाफ लाभुकों द्वारा मिल रही शिकायतों को लेकर बीडीओ ने वेंडरों को भी कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि विभिन्न पंचायतों के लाभुकों के द्वारा वेंडर के खिलाफ पैसे लेनदेन की शिकायत मिल रही है। बीडीओ ने वेंडरों को कोई भी लेनदेन नहीं करने की बात कही। उन्होंने यह कहा कि वेंडर योजनाओं तक मटेरियल पहुंचाने का निर्देश दिया गया है। वीडियो ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि यदि कोई शिकायत मिलती है तो आप लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बैठक में बीपीओ चंद्रशेखर चौबे, पंचायत सचिव परमानंद पाठक, सुदर्शन राम, सुरेश राम, मुखिया नारायण दास यादव, विनोद कुमार राम, उप मुखिया इसहाक अंसारी, मुखिया प्रतिनिधि राजेंद्र राम, दशरथ बैठा, वेंडर मनोज कुमार दुबे, सखिचन्द्र प्रजापति, मुख्तार आलम सत्येंद्र साह, रोजगार सेवक राजीव कुमार आदि उपस्थित थे।