- मामला भंडरिया थाना क्षेत्र के मंजरी गांव का
- शनिवार की देर शाम से युवती अपने घर से थी लापता, रविवार की सुबह जंगल में पेड़ से झूलता मिला था शव
भंडरिया : पुलिस ने सोमवार को थाना क्षेत्र के मंजरी गांव में कब्र की खुदाई करा कल्याण कोरवा की 16 वर्षीय पुत्री रीना कुमारी का शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेज दी है। जानकारी के अनुसार रीना का शव रविवार की सुबह गांव से सटे जंगल में एक पेड़ से झूलता हुआ पाया गया था। इसके बाद उसके परिजन शव को लेकर घर आए तत्पश्चात ग्रामीणों की आपस में पंचायती होने के बाद शव को कब्र में दफना दिया गया था। बताया जा रहा है कि रीना शनिवार की देर शाम से ही अपने घर से लापता थी। उसका भाई मंटू कोरवा ने पुलिस को बताया कि पेड़ से रीना का शव न केवल जमीन से सटा हुआ था।
बल्कि उसके शरीर पर जख्म के निशान थे। ऐसे में उसकी हत्या कर
शव को फंदे से लटका किसी ने आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया है।
मंटू कोरवा के शिकायत पर पुलिस सोमवार को मंजरी गांव पहुंचकर रीना के शव को कब्र से निकलवा उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दी। साथ ही पूछताछ के लिए मंजरी गांव के ही रामलाल सिंह एवं कुंदन सिंह को हिरासत में ली है। उक्त घटना की जानकारी मिलने के बाद रंका के एसडीपीओ मनोज कुमार, पुलिस निरीक्षण सह भंडरिया थाना प्रभारी कृष्णा कुमार दल-बल के साथ सोमवार की शाम मंजरी गांव पहुंच कर रीना के परिजन तथा ग्रामीणों से पूछताछ में जुटे हुए थे।