गढ़वा :
श्रीजानकी बाग में भक्तिमय हुआ माहौल,
आध्यात्मिक-सांस्कृतिक चर्चा में भक्ति, ज्ञान और संस्कार पर हुआ मंथन
श्रीजानकी बाग, नवादा, गढ़वा (झारखण्ड)में मंगलवार की शाम श्रीहनुमान चालीसा-पाठ एवं आध्यात्मिक-सांस्कृतिक चर्चा का 51वाँ आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
पं. हर्ष द्विवेदी कला मंच, नवादा की कला साधिका संध्या सुमन ने पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। शाम सात से आठ बजे तक चले आयोजन में क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और सामूहिक रूप से श्रीहनुमान चालीसा का पाठ किया।
सामूहिक पाठ के दौरान श्रीजानकी बाग का वातावरण भक्तिमय हो उठा। इसके बाद आयोजित आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक चर्चा में भक्ति, ज्ञान, संस्कार और भारतीय संस्कृति के महत्व पर विचार-विमर्श किया गया।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के झारखंड प्रांत के बौद्धिक प्रशिक्षण प्रमुख ज्वाला तिवारी ने आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक सहभागिता से जुड़े विषयों पर विचार रखे।
सुश्रुत सेवा संस्थान, गढ़वा के निदेशक सह सदर अस्पताल, गढ़वा के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. टी. पीयूष ने कहा कि नियमित रूप से आयोजित यह कार्यक्रम समाज को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक रूप से जोड़ने की दिशा में एक सकारात्मक पहल है।
कला एवं साहित्य की अखिल भारतीय संस्था संस्कार भारती के झारखंड प्रांत के प्रांतीय कला धरोहर संयोजक नीरज श्रीधर ‘स्वर्गीय’ ने कहा कि ऐसे आयोजन भारतीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को जन-जन तक पहुँचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ लोगों को भक्ति से जोड़ने के साथ अपनी सांस्कृतिक जड़ों को समझने और नई पीढ़ी तक संस्कार एवं परंपराओं को पहुंचाने का अवसर देता है।
पं. हर्ष द्विवेदी कला मंच की कला साधिका संध्या सुमन ने बताया कि सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा-पाठ के साथ आध्यात्मिक-सांस्कृतिक चर्चा इस आयोजन की विशेषता है।
इस आयोजन के प्रेरणास्रोत श्रीमन्नारायण शुक्ल ने चलंत दूरभाष के माध्यम से बताया कि 51 सप्ताह पूर्व प्रारंभ हुए श्रीहनुमान चालीसा-पाठ एवं आध्यात्मिक-सांस्कृतिक चर्चा के प्रचार-प्रसार का सकारात्मक प्रभाव अब विभिन्न क्षेत्रों में दिखाई देने लगा है। गढ़वा जिले के भंडरिया प्रखंड के जनेवा ग्राम के बंगाली डेरा में, सदर प्रखंड के परिहारा और मेराल प्रखंड के रेजो गाँव के अलावा राँची के डोरंडा क्षेत्र के कई स्थानों पर इस तरह के आयोजन शुरू हुए हैं।
आयोजकों ने बताया कि यह साप्ताहिक आयोजन अब 51वें पड़ाव तक पहुँच गया है। लगातार आयोजन में श्रद्धालुओं की बढ़ती सहभागिता को उन्होंने उत्साहजनक बताया।
कार्यक्रम का समापन श्रीहनुमान जी की आरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ।
आयोजन में सुदामा बिंद, ओम प्रकाश पाठक, लाल बहादुर साह, अधिवक्ता अमोद कुमार सिन्हा, सुनील बिंद, श्यामदेव बिंद, अरविंद कुमार मेहता, अजय पाठक, आनंद कुमार, इंदल बिंद, काजल सहित अन्य लोगों की सक्रिय भूमिका रही।
आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से आगामी आयोजनों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।