गढ़वा : वनांचल एजुकेशनल एंड वेलफेयर ट्रस्ट, फरथिया, गढ़वा के अंतर्गत संचालित बाबू दिनेश सिंह विश्वविद्यालय परिसर में दिनांक 21 अप्रैल 2025 (सोमवार) को परमपूज्य अघोरेश्वर भगवान राम निःशुल्क सामूहिक विवाह समारोह 2025 का भव्य आयोजन संपन्न हुआ, जिसमें 51 जोड़ों ने वैदिक रीति-रिवाजों से सात फेरे लिए।
समारोह का शुभारंभ परमपूज्य अवधूत प्रियदर्शी राम जी बाबा द्वारा पूजन व माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके बाद कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश माननीय नलिन कुमार, एस.डी.ओ. संजय कुमार, समिति अध्यक्ष दिनेश प्रसाद सिंह, उपाध्यक्ष रणजीत सिंह एवं कुलपति प्रो. (डॉ.) एम.के. सिंह ने दीप प्रज्वलित कर संयुक्त रूप से किया।
सुबह 9 बजे से वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विवाह की विधि प्रारंभ हुई, जिसमें सभी 51 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। दोपहर 2 बजे नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद एवं उपहार देकर विदाई दी गई। उपहार स्वरूप वर पक्ष को साइकिल, पलंग, गद्दा, बर्तन सेट, पंखा, वर-वधु के वस्त्र आदि प्रदान किए गए। प्रत्येक जोड़े के साथ 25 परिजनों को आमंत्रित किया गया था और सभी के लिए भोजन-जलपान की समुचित व्यवस्था विश्वविद्यालय परिसर में की गई थी।
मुख्य अतिथि नलिन कुमार ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज से दहेज प्रथा जैसी बुराइयों को मिटाने में सहायक हैं। एस.डी.ओ. संजय कुमार ने भी समिति के सामाजिक कार्यों की सराहना की। समारोह में गढ़वा न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता गौतम कृष्णा सिन्हा, प्रमोद सोनी, रजिस्ट्रार महेंद्र पंडित समेत अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समिति अध्यक्ष व कुलाधिपति दिनेश प्रसाद सिंह ने बताया कि यह आयोजन स्व. औघर सुधीर भैया जी के संरक्षण में प्रारंभ हुआ था और आज भी परमार्थीयों के संकल्प से जारी है। प्रेरणा परमार्थ आश्रम के माध्यम से अन्य सामाजिक कार्य भी निरंतर चलाए जा रहे हैं।
समारोह का मंच संचालन पैरामेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. पी.डी. तिवारी ने किया। अंत में ट्रस्ट के ट्रस्टी पवन कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इस आयोजन को सफल बनाने में प्रवीण कुमार सिंह, राकेश कुमार सिंह, रंधीर कुमार सिंह, धीरज कुमार सिंह, शंभू राम, मनोज कुमार सिंह, हरेंद्र कुमार सिंह, अजय सिंह, केशरी कुमार, सुभाष कुमार सहित सभी कॉलेजों के प्राचार्य, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं, पदाधिकारी एवं परमार्थियों का विशेष योगदान रहा।