गढ़वा : गढ़वा जिला क्रिकेट संघ में चुनाव प्रक्रिया को लेकर उत्पन्न भ्रम और फैलाई जा रही अफवाहों पर विराम लगाने के उद्देश्य से संघ के निर्वाचित सचिव पंकज चौधरी ने शुक्रवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी की।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग जानबूझकर संघ के बोनाफाइड सदस्यों को गुमराह कर रहे हैं और अपने स्तर से असंवैधानिक तरीके से चुनाव कराने की घोषणा कर रहे हैं, जो पूरी तरह से नियमविरुद्ध और असंवैधानिक है।
प्रेस विज्ञप्ति में स्पष्ट किया गया है कि गढ़वा जिला क्रिकेट संघ का चुनाव झारखंड उच्च न्यायालय के आदेश और निबंधन विभाग, झारखंड के निर्देशानुसार केवल झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) के माध्यम से ही संपन्न होना है।
विज्ञप्ति में यह भी कहा गया है कि पुरानी कमेटी के माध्यम से चुनाव कराना न केवल न्यायालय के आदेश की अवहेलना है, बल्कि संघ के संविधान का भी उल्लंघन है। संघ इस विषय में उच्च न्यायालय और निबंधन विभाग से औपचारिक शिकायत करेगा।
इसके साथ ही संघ ने उन सदस्यों की सूची भी जारी की है, जिन्होंने इस अवैध प्रक्रिया का विरोध किया है और वैध प्रक्रिया के पक्ष में अपना समर्थन दर्ज कराया है। सूची में दर्जनों सक्रिय और पुराने सदस्यों के नाम एवं मोबाइल नंबर भी शामिल किए गए हैं।
संघ ने सभी सदस्यों और क्रिकेट प्रेमियों को भरोसा दिलाया है कि वे संघ के संविधान, न्यायपालिका के आदेशों और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया के प्रति पूरी निष्ठा से प्रतिबद्ध हैं तथा किसी भी अनाधिकृत हस्तक्षेप का कानूनी रूप से विरोध करते रहेंगे।