भंडरिया (गढ़वा) : प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय नौका में बच्चों के बीच मध्याह्न भोजन की प्रतिपूर्ति चावल एवं राशि का वितरण विद्यालय प्रबंधन समिति के द्वारा किया गया। राशन एवं राशि प्राप्त करने आए बच्चों को संयोजिका सावित्री देवी ने 48 दिन का चावल उपलब्ध कराया तो अध्यक्ष ने नगद राशि का भुगतान किया। वहीं विद्यालय के प्रधानाध्यापक नितेश कुमार वर्मा के द्वारा विद्यालय में पहुँचे सभी बच्चों को मास्क उपलब्ध कराया गया। साथ ही कोविड-19 से बचाव हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। बच्चों को स्वच्छता, शारीरिक दूरी का पालन करने एवं मास्क के प्रयोग की जानकारी दी गई। सहायक शिक्षक प्रभु दयाल मिंज के द्वारा बच्चों को स्कूल किट से संबंधित सामग्री उपलब्ध कराया गया।
मौके पर उपस्थित आठवीं का छात्र उत्तम कुमार ने बताया कि हम सबको स्कूल किट के रूप में 10 कॉपी,.पांच कलम, 5 पेंसिल,पांच कटर, पांच रबड़ एवं इंस्ट्रूमेंट बॉक्स मिला है। सामग्री प्राप्त कर सभी बच्चों में हर्ष व्याप्त है।
मौके पर विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष ममता देवी,उपाध्यक्ष दिलेश्वर सिंह, सभी शिक्षक शिक्षिका के साथ प्रबंधन समिति के सदस्य एवं छात्र छात्राएं मौजूद थे।