गढ़वा : गढ़वा थाना क्षेत्र के मेढ़ना गांव में भूमि विवाद को लेकर हुई मारपीट में मां-बेटा घायल हो गए। घायलों में मेढ़ना निवासी राम सकल राम की 60 वर्षीय पत्नी लक्ष्मी देवी और उनका पुत्र ओम प्रकाश पासवान शामिल हैं। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के संबंध में ओम प्रकाश पासवान ने बताया कि वह खेत जोतने के लिए हल-बैल लेकर खेत गया था। इस दौरान श्याम जी पासवान, दुर्गा देवी और प्रभा देवी वहां पहुंचे और खेत को अपना बताते हुए गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर उक्त लोगों ने मारपीट की। ओम प्रकाश ने कहा कि वह वर्षों से इस जमीन पर खेती करता आ रहा है, लेकिन अब श्यामजी पासवान जबरन जमीन हड़पने का प्रयास कर रहे हैं।
दूसरी ओर, मेराल थाना क्षेत्र के पेसका गांव में सड़क दुर्घटना में नजरू खान का 18 वर्षीय पुत्र मुराद खान घायल हो गया। बताया गया कि मुराद घर से गढ़वा आ रहा था, तभी दत्तटूटी नाला के पास उसकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घायल मुराद को परिजनों द्वारा गढ़वा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति खतरे से बाहर है।