गढ़वा : मेराल प्रखंड के ओखरगड़ा स्थित स्तरोन्नत उच्च विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रजिस्ट्रेशन के नाम पर अतिरिक्त पैसे वसूले जाने का आरोप लगाते हुए सोमवार को गढ़वा-मझिआंव मुख्य मार्ग पर दो घंटे तक जाम कर प्रदर्शन किया।
छात्र-छात्राओं ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सतीश भगत और थाना प्रभारी विष्णुकांत को लिखित शिकायत देकर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। विद्यार्थियों के अनुसार, कक्षा नौ के लिए 900 और कक्षा दसवीं के लिए 1100 रुपए की मांग की जा रही है, जबकि शिक्षा विभाग ने क्रमशः 250 और 740 रुपए का शुल्क निर्धारित किया है।
छात्र-छात्राओं ने विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष आशीष चंद्रवंशी पर आरोप लगाया कि साइकिल पार्किंग के लिए उनकी जमीन का उपयोग करने पर वे अभद्र व्यवहार करते हैं।
हालांकि, अध्यक्ष ने इन आरोपों को निराधार बताया है।
सूचना मिलने पर बीडीओ और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और विद्यार्थियों से बातचीत कर जाम समाप्त कराया। वीडीओ सतीश भगत ने कहा कि प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा और मामले की जानकारी जिला शिक्षा पदाधिकारी को दी जाएगी।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक सौरभ कुमार से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।