गढ़वा : गढ़वा विधानसभा क्षेत्र के नवनिर्वाचित विधायक सत्येन्द्र नाथ तिवारी ने शपथ ग्रहण समारोह के दौरान अपने शपथ में जय गढ़देवी मैया, जय श्री राम, जय नीलाम्बर-पीताम्बर, जय झारखंड और जय जोहार जैसे जयकारों को शामिल कर क्षेत्र का मान-सम्मान और गौरव बढ़ा दिया। इस ऐतिहासिक शपथ के बाद गढ़वा में जश्न और हर्ष का माहौल है।
भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी रितेश चौबे ने कहा कि पांच साल के बाद गढ़वा विधानसभा क्षेत्र को फिर से एक स्थानीय प्रतिनिधि मिला है। उन्होंने कहा, 2019 से 2024 तक गढ़वा ने गुंडाराज और माफियाराज का सामना किया, लेकिन अब जनता ने भाजपा विधायक को चुनकर अपना गौरव पुनः स्थापित किया है।
रितेश चौबे ने भरोसा जताया कि भाजपा विधायक सत्येन्द्र नाथ तिवारी न केवल गढ़वा बल्कि पूरे झारखंड के हितों की आवाज बनकर सदन में गूंजेंगे।
Advertisement
उन्होंने कहा कि अब गढ़वा में गरीब, मजबूर, लाचार और शोषित वर्ग की समस्याएं दबने के बजाय सदन में जोरदार तरीके से उठेंगी।
भाजपा नेताओं ने कहा कि सत्येन्द्र नाथ तिवारी हेमंत सरकार के दौरान एक सशक्त विपक्ष की भूमिका निभाएंगे और जनता के हर मुद्दे को मजबूती से सदन तक पहुंचाएंगे। उन्होंने जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा विधायक और कार्यकर्ता सड़क से लेकर सदन तक गढ़वा की जनता के सुख-दुख में उनके साथ खड़े रहेंगे।
इस मौके पर भाजपा नेता नवीन जायसवाल, संजय जायसवाल, अविनाश पासवान, विकास तिवारी और लक्ष्मीकांत पाण्डेय सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।