आचार संहिता के उल्लंघन पर होगी त्वरित कार्रवाई, शिकायत के लिये सी-विजिल एप का करें प्रयोग
गढ़वा : शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में निष्पक्ष चुनाव संपन्न करने को लेकर गढ़वा विधानसभा अंतर्गत आचार संहिता के उल्लंघन के मामलों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों के आलोक में यहां लगातार कार्रवाई जारी है।
80- गढ़वा के निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि गढ़वा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आचार संहिता उल्लंघन के आरोप में अब तक पांच मामले दर्ज हो चुके हैं जो कि पूरे राज्य भर में किसी विधानसभा क्षेत्र के लिए यह सर्वाधिक संख्या है।
इनमें से झामुमो पर साड़ी, घड़ी आदि बांटने के आरोप को लेकर रंका और रामकंडा क्षेत्र में 2 प्राथमिकी दर्ज हुई हैं, भाजपा पर 2 प्राथमिकी क्रमशः डुमरिया में अनाधिकृत सभा तथा शहर में मतदाताओं के बीच वस्त्र वितरण के आरोप पर गढ़वा थाना में दर्ज हुई हैं, वहीं एआईएमआईएम की रैली में डीजे प्रयोग करने को लेकर गढ़वा थाने में 1 प्राथमिकी दर्ज हुई है।
सी-विजिल का करें प्रयोग
अनुमंडल पदाधिकारी ने आम मतदाताओं को जागरुक करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के आचार संहिता उल्लंघन की शिकायत के लिए भारत निर्वाचन आयोग के सी-विजिल एप का प्रयोग किया जा सकता है। उक्त ऐप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड करना होता है। जहां कहीं भी आचार संहिता के विरुद्ध कोई घटना घट रही होती है उसका रियल टाइम वीडियो या फोटो इस ऐप पर अपलोड करना होता है, 100 मिनट के अंदर उस शिकायत पर अनिवार्यत: कार्रवाई होती है। इसलिए लोग आयोग के इस सशक्त टूल का प्रयोग जरूर करें और निष्पक्ष चुनाव संपन्न करवाने में अपनी भागीदारी निभाएं।
संजय कुमार ने बताया कि गढ़वा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत अब तक 10 शिकायतें इस एप के माध्यम से प्राप्त हुई हैं।