भवनाथपुर : भवनाथपुर में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के प्रत्याशी पंकज कुमार चौबे के समर्थन में शुक्रवार को गोसाईबाग मैदान में नामांकन सभा आयोजित की गई। सभा में बड़ी संख्या में उपस्थित जनसमूह को देख बसपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण कुमार ने विश्वास जताया कि बसपा इस बार पूरे दमखम के साथ चुनाव लड़ रही है और पंकज कुमार चौबे की जीत निश्चित है। उन्होंने कहा कि बसपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो गरीबों, दलितों, किसानों और नौजवानों के हित में काम करती है, जबकि भाजपा, झामुमो और कांग्रेस जैसी पार्टियां जनता के मुद्दों को नजरअंदाज कर रही हैं।
बसपा प्रत्याशी पंकज कुमार चौबे ने सभा में अपनी बात रखते हुए कहा कि वर्तमान विधायक और सरकार ने जनता को ठगा है।
उन्होंने जनता से वादा किया कि अगर वे विधायक चुने जाते हैं, तो शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार को प्राथमिकता देंगे।
इससे पहले, पंकज कुमार चौबे ने भवनाथपुर मोड़ से गोसाईबाग मैदान तक एक भव्य रोड शो किया, जिसमें बड़ी संख्या में समर्थक शामिल हुए। रोड शो के दौरान उन्होंने डॉ. राममनोहर लोहिया और पूर्व मंत्री स्वर्गीय गिरिवर पांडेय की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और लोगों से आशीर्वाद मांगा।
इस मौके पर पार्टी के प्रदेश महासचिव मनीष सिंह, शंकर प्रिय राम, कृष्ण राम, नथुनी राम, महिला नेत्री अंजू देवी सहित अन्य नेताओं ने भी सभा को संबोधित किया। भोजपुरी कलाकार पुष्पा राणा ने अपने गीतों से जनसमूह का मनोरंजन किया। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष प्रमोद राम, पृथ्वी तिवारी, डबल पांडेय, नीरज चौबे, पावस पांडेय, राजा राम सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।