गढ़वा : गढ़वा जिले में अलग-अलग घटनाओं में आत्महत्या, दुर्घटना और विषैले जीव के काटने से लोग गंभीर रूप से घायल हुए।
मेराल थाना क्षेत्र के पेंदली गांव में रुकसाना बीबी (30 वर्ष) ने कीटनाशक खाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि मोबाइल पर हुए विवाद के बाद उसने यह कदम उठाया। गंभीर हालत में उसे गढ़वा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। मृतका के चार छोटे बच्चे हैं, जिसमें सबसे छोटा बच्चा मात्र 3 महीने का है।
दूसरी घटना गढ़वा-चिनियां मार्ग पर कल्याणपुर गांव के पास हुई, जहां टेंपो से गिरकर सुभाष सिंह, निवासी छतैलिया गांव, गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्हें गढ़वा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। सुभाष सिंह नॉमिनेशन में शामिल होने जा रहे थे, जब यह दुर्घटना हुई।
बरडीहा थाना क्षेत्र के कौवाखोह गांव में, अनीता देवी विषैले जीव के काटने से जख्मी हो गईं। उन्हें पहले मझिआंव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, फिर गढ़वा सदर अस्पताल रेफर किया गया। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें हायर सेंटर भेजा गया।