गढ़वा : सदर अस्पताल में चिकित्सकों पर इमरजेंसी ड्यूटी के दौरान अपनी जिम्मेदारियों को नजरअंदाज करने के गंभीर आरोप लग रहे हैं। मरीजों के परिजनों का कहना है कि चिकित्सक इलाज करने के बजाय ड्यूटी के समय आराम कर रहे हैं, खासकर रात की ड्यूटी के दौरान।
परिजनों के मुताबिक, गंभीर स्थिति में मरीजों को देखने के बजाय चिकित्सक उन्हें रेफर कर देते हैं। एक मरीज के परिजन ने आरोप लगाया कि रात में इमरजेंसी वार्ड में चिकित्सक आराम कर रहे थे और बार-बार आग्रह के बावजूद मरीज को उचित इलाज नहीं दिया गया। यह शिकायतें नाइट ड्यूटी में अधिक सामने आ रही हैं, जहां डॉक्टर सही समय पर उपलब्ध नहीं रहते और रेफरल की घटनाएं बढ़ रही हैं।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से चिकित्सकों की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Advertisement
वहीं, सिविल सर्जन डॉक्टर अशोक कुमार ने चिकित्सकों का बचाव करते हुए कहा कि हालात के अनुसार मरीजों को रेफर किया जाता है और नाइट ड्यूटी के आरोपों की जांच की जाएगी। इसके बावजूद, मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि चिकित्सकों की लापरवाही साफ तौर पर दिख रही है।