गढ़वा : जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त गढ़वा के निर्देशानुसार रविवार को आगामी विधानसभा चुनाव 2024 के सफल संचालन हेतु गढ़वा स्थित राजकीय कृत गोविंद प्लस टू उच्च विद्यालय के 8 कमरों में सेक्टर मजिस्ट्रेट और सेक्टर पुलिस पदाधिकारियों का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण में मास्टर प्रशिक्षकों ने चुनाव प्रक्रिया के हर चरण की विस्तार से जानकारी दी और चुनाव के दौरान जिम्मेदारियों को सही तरीके से निभाने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण के दौरान उपायुक्त महोदय गढ़वा ने सभी कक्षों का निरीक्षण किया और उपस्थित अधिकारियों को जीरो एरर के साथ चुनाव संपन्न कराने की सख्त हिदायत दी। सभी सेक्टर पदाधिकारी और सेक्टर पुलिस पदाधिकारियों को मतदान से पहले, मतदान के दिन, और मतदान के बाद की सभी प्रक्रियाओं को बारीकी से समझाया गया।
मास्टर प्रशिक्षकों द्वारा मतदान के दिन आने वाली समस्याओं के समाधान, वोटिंग कंपार्टमेंट की सेटिंग, BU, CU, और VVPAT को कनेक्ट करने, मॉक पोल की प्रक्रिया, और मतदान के प्रारंभ से लेकर समाप्ति तक की सभी जरूरी जानकारी प्रदान की गई। इसके साथ ही, मतदान से जुड़ी विभिन्न ऐप्स जैसे मतदाता सेवा पोर्टल, मतदाता हेल्पलाइन ऐप, सक्षम ऐप, और सी.विजिल ऐप को इंस्टॉल करने और इनके उपयोग के बारे में बताया गया।
इस अवसर पर मास्टर ट्रेनर धर्मेंद्र कुमार, देवेंद्र नाथ उपाध्याय, शांतनु चौबे, प्रभाशंकर, राजेश कुमार चौबे, नंदू चौबे, जगन्नाथ राम, नितिन कुमार तिवारी, अमित शुक्ला, विकास तिवारी, बलदेव कुमार मिश्रा, सीडी सिंह, प्रेम तिवारी, सतीश चौबे, विवेकानंद पांडे, सुनील कुमार विश्वकर्मा, हरिनंदन त्रिपाठी, सूर्यकांत शर्मा सहित अन्य सभी मास्टर प्रशिक्षक उपस्थित थे।