गढ़वा :भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रितेश चौबे ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर तीखे शब्दों में प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि झामुमो सरकार राज्य के इतिहास में सबसे झूठी साबित हुई है। 2019 के विधानसभा चुनाव में किए गए वादों में से एक भी वादा पूरा नहीं हुआ। अब जब 2024 के विधानसभा चुनाव नजदीक हैं, झामुमो के नेता जनता को भ्रमित करने में लगे हुए हैं।
रितेश चौबे ने कहा कि गढ़वा की जनता पिछले पांच वर्षों से झामुमो के मंत्री और विधायक को झेल रही है और अब परिवर्तन की मांग कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं को 5 लाख रोजगार और बेरोजगारी भत्ता देने का वादा पूरी तरह विफल हो गया है। वहीं, "मंईया योजना" के नाम पर महिलाओं को ठगा जा रहा है।
Advertisement
उन्होंने सरकार आपके द्वार कार्यक्रम को भी विफल बताते हुए कहा कि इस कार्यक्रम के तहत जनता से आवेदन लेकर उन्हें फेंक दिया गया। अनुबंधकर्मियों को स्थायी करने और समान वेतन देने के वादे भी पूरे नहीं हुए हैं। गढ़वा की सड़कों की हालत पर चौबे ने कहा कि सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं और विकास का कोई काम नहीं हो रहा है।
स्वास्थ्य सेवाओं पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि गढ़वा के सदर अस्पताल की हालत भी बेहद खराब है, जहां डॉक्टरों और दवाओं की भारी कमी है। अस्पताल परिसर में गंदगी और पानी की समस्या मरीजों के लिए मुश्किलें खड़ी कर रही हैं। श्री चौबे ने आरोप लगाया कि झामुमो के मंत्री और विधायक केवल अपनी झोली भरने में लगे हुए हैं, जबकि जनता की समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।