गढ़वा : विश्व हृदय दिवस के अवसर पर रविवार को प्रभात मेडिकल सेंटर के निदेशक एवं हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. कुमार पंकज प्रभात के नेतृत्व में 'रन फॉर हार्ट' का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ झारखंड सरकार के मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने झंडी दिखाकर किया। इस कार्यक्रम में उपायुक्त शेखर जमुआर, पुलिस अधीक्षक दीपक पांडेय, डीडीसी पशुपति नाथ मिश्रा, एसडीओ संजय कुमार, सीआरपीएफ कमांडेंट एनके सिंह, सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार सहित जिले के कई गणमान्य लोग और चिकित्सक शामिल हुए।
रन फॉर हार्ट लगभग 5 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए शगुन बैंक्विट हॉल में समाप्त हुआ, जहां ‘दिल को रखें स्वस्थ’ विषय पर एक सेमिनार का आयोजन किया गया। मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि गढ़वा को एक सुपर स्पेशलिटी अस्पताल की जरूरत है और इस दिशा में डॉ. पंकज प्रभात का प्रयास सराहनीय है।
उन्होंने गढ़वा में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के निर्माण में पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया, जिससे स्थानीय लोगों को बड़े शहरों में इलाज के लिए नहीं जाना पड़ेगा।
डॉ. पंकज प्रभात ने हृदय रोग से बढ़ती मौतों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि हार्ट अटैक से बचने के लिए नियमित रूप से समय निकालकर दिल की देखभाल करनी जरूरी है। उन्होंने बताया कि भारत में पिछले 10 वर्षों में हार्ट अटैक से करीब सवा दो लाख लोगों की मौत हो चुकी है, जिसमें 85% पुरुष हैं। खराब खान-पान, तनाव और धूम्रपान को हृदय रोग का मुख्य कारण बताया।
सेमिनार में उपायुक्त शेखर जमुआर, पुलिस अधीक्षक दीपक पांडेय, और अन्य गणमान्य वक्ताओं ने स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहने और जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। कार्यक्रम के आयोजक डॉ. पंकज प्रभात के इस प्रयास की सराहना की गई।