भवनाथपुर : डंडई पुलिस द्वारा बीती रात दो स्थानीय पत्रकारों की पिटाई की घटना की झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन (जे जे ए) गढ़वा जिला टीम ने कड़ी निंदा की है। जिला अध्यक्ष प्रदीप चौबे ने इस घटना को लेकर पुलिस के वरीय पदाधिकारियों से दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, अन्यथा यूनियन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
प्रदीप चौबे ने कहा कि पुलिस अक्सर हर घटना में मीडिया से सहयोग की अपेक्षा रखती है, और मीडिया अपना कर्तव्य निभाती आई है। लेकिन कुछ पुलिसकर्मी अपने निजी द्वेष के कारण पत्रकारों को अपराधियों की तरह निशाना बना रहे हैं, जो असहनीय है।
उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस हाजत में हुई मौत की घटना जांच का विषय है, और मीडिया का काम है कि वह दोनों पक्षों की बातों को स्वतंत्र रूप से सुने और प्रकाशित करे।
Advertisement
इस घटना से प्रतीत होता है कि पुलिस ने मूल घटना से ध्यान भटकाने के लिए मीडिया पर हमला किया, जो एक सुनियोजित साजिश हो सकती है।