गढ़वा : गढ़वा जिले में ईद मिलादुन्नबी के जुलूस के दौरान उस समय खुशी का माहौल गम में बदल गया जब चिरौंजिया गांव के तीन युवक गुलाम मुस्तफा, इबरान अंसारी, और आफताब अंसारी करंट लगने से बुरी तरह झुलस गए। घटना तब हुई जब गढ़वा जिला मुख्यालय में निकाले गए जुलूस के अंतिम चरण में, चिरौंजिया मोड़ पर डीजे बंधे वाहन पर चढ़कर कुछ युवक झंडा लहरा रहे थे।
उत्साह से भरे ये युवक जब गाने की धुन पर झंडा लहरा रहे थे, उसी दौरान झंडा 11 हजार वोल्ट के ऊपर से गुजर रहे तार के संपर्क में आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झंडा स्टील के पाइप में था, जिससे वह तेजी से करंट की चपेट में आ गया। इस हादसे में गुलाम मुस्तफा तो झुलस ही गया, साथ ही उसे बचाने के प्रयास में इबरान और आफताब भी करंट की चपेट में आ गए।
Advertisement
घटना के बाद, सभी घायलों को तत्काल गढ़वा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया गया। इस दुखद घटना ने पूरे इलाके में शोक की लहर फैला दी है, और लोग युवकों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।