भवनाथपुर : भवनाथपुर में खनिज संपदा के विशाल भंडार होने के बावजूद एक भी उद्योग न लगाए जाने से नाराज भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रदीप कुमार चौबे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। उन्होंने राज्य में भाजपा की सरकार बनने पर एक वर्ष के भीतर इस क्षेत्र में औद्योगिक विकास और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की मांग की है।
श्री चौबे ने पत्र में भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र को "रत्नगर्भा" के रूप में वर्णित करते हुए बताया कि यहां डोलोमाइट, लाइमस्टोन, अबरख, सोना, पोटास और सीसा जैसे खनिजों के बड़े भंडार मौजूद हैं, लेकिन इसके बावजूद क्षेत्र की गरीबी दूर नहीं हो रही है। उन्होंने 1950 में पाठक परिवार द्वारा राज्य सरकार को दान की गई 274 एकड़ जमीन का सही उपयोग न होने की बात कही और मेडिकल, इंजीनियरिंग और एमबीए कॉलेज की कमी पर चिंता जताई।
Advertisement
भाजपा नेता ने पीएम से भवनाथपुर में सेंट्रल यूनिवर्सिटी, इंडस्ट्रियल कॉरिडोर, पॉवर प्लांट और रेल प्रोजेक्ट को जल्द कार्यान्वित कराने की अपील की है। साथ ही, उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष और पलामू सांसद को 25 सितंबर को भवनाथपुर में जनता के बीच आकर इन वादों की घोषणा करने का निर्देश देने की मांग की। श्री चौबे ने चेतावनी दी कि अगर यह मांगें पूरी नहीं की गईं, तो वह आमरण अनशन पर बैठने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं।