गढ़वा : लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बावज़ूद रविवार को जायंट्स ग्रुप ऑफ़ गढ़वा एवं नारायणा सुपर स्पेशलिटी अस्पताल गुडगांव के संयुक्त तत्वाधान में निःशुल्क हृदय रोग जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में गढ़वा जिले के साथ साथ निकटवर्ती डाल्टनगंज, रामानुजगंज एवं विश्रामपुर के लगभग 22 मरीजों की जांच किया गया।
वरिष्ठ हार्ट सर्जन डॉ विकास केशरी ने रोगियों की जांच कर 4 मरीजों में विभिन्न हृदय रोगों की पहचान की। रामानुजगंज से आयी एक पांच वर्षीय बालिका के साथ 3 रोगियों को ओपन हार्ट सर्जरी की सलाह दी गयी। कुछ अन्य रोगियों को हार्ट से संबंधित विशिस्ट जांचों की सलाह दी गयी।
हार्ट सर्जन डॉ विकास केशरी ने बताया कि क्षेत्र के रोगियों में जागरूकता का अत्यधिक अभाव है।
Advertisement
कई रोगी रोग की जानकारी होने के बाद भी महीनों वर्षों तक उसका समुचित उपचार नहीं करवाते हैं और घरेलू नुस्ख़ों को अपनाते हुए समय व्यर्थ व्यतीत करते हैं। हृदय के रोगों में ऐसा विलंब अत्यधिक घातक सिद्ध हो सकता है क्योंकि हृदय के विकारों का दुष्परिणाम शरीर के अन्य सभी अंगों पर पड़ता है एवं विलंब के कारण उपचार और भी ज्यादा जटिल हो जाता है।
मौके पर पूर्व फ़ेडरेशन अध्यक्ष विनोद कमलापुरी, मदन प्रसाद केशरी, स्पेशल कमिटी सदस्य विजय केशरी, मनोज केशरी, जायंटस अध्यक्ष कमलेश कुमार गुप्ता, प्रशासनिक निदेशक मोजिबुद्दीन खान, बिनोद गुप्ता आदि लोग उपस्थित थे।