गढ़वा : 12 सितंबर 2024 को पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने नई दिल्ली स्थित रेल भवन में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर पलामू संसदीय क्षेत्र से जुड़ी रेलवे सेवाओं पर महत्वपूर्ण चर्चा की। इस मुलाकात में सांसद ने मेदिनीनगर-गढ़वा रोड रूट पर वंदे भारत ट्रेन चलाने का अनुरोध किया, जिस पर मंत्री ने सहमति जताई और कहा कि फिलहाल सप्ताह में एक दिन वंदे भारत ट्रेन चलाने का निर्णय जल्द लिया जाएगा। यदि यात्रियों की संख्या संतोषजनक रही, तो इस सेवा को आगे बढ़ाया जाएगा।
साथ ही, कोविड-19 के दौरान बंद की गई बरवाडीह-चोपन-चुनार पैसेंजर ट्रेन (संख्या 53351/53352) को पुनः शुरू करने की मांग भी की गई। इस ट्रेन के बंद होने से पलामू संसदीय क्षेत्र के नगर उंटारी, रमना, मेराल, गढ़वा, गढ़वा रोड, तोलरा, लालगढ़ बिहार, रजहारा, कजरी, डालटनगंज और चियांकी के यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
Advertisement
रेल मंत्री ने इस ट्रेन को पुनः चालू करने पर भी सहमति दी।
सांसद विष्णु दयाल राम ने उम्मीद जताई कि जल्द ही इन दोनों ट्रेनों का परिचालन शुरू होगा, जिससे क्षेत्र की जनता को आवागमन में हो रही समस्याओं से राहत मिलेगी।