भवनाथपुर : भवनाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने ब्लॉक गेट के सामने अवैध रूप से संचालित एक पैथोलॉजी सेंटर को बंद कराते हुए सेंटर संचालक एचएच पाल को पुलिस के हवाले कर दिया। इस कार्रवाई के पीछे मुख्य कारण अवैध तरीके से पैथोलॉजी सेंटर का संचालन था, जिसमें न तो रजिस्ट्रेशन था और न ही किसी प्रकार के वैध दस्तावेज प्रस्तुत किए गए थे।
डॉ. दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि गढ़वा सीएस के निर्देश पर भवनाथपुर में पहले भी अवैध रूप से चल रहे क्लिनिकों और पैथोलॉजी सेंटरों पर छापामारी की गई थी। छापेमारी के दौरान कई ऐसे सेंटर पाए गए जो बिना रजिस्ट्रेशन के चल रहे थे। उन्हें तत्काल सेंटर बंद करने का निर्देश दिया गया था।
Advertisement
इस मामले में गुरुवार को एक महिला, उषा, ने अपने मामा एचएच पाल पर आरोप लगाया कि वह बिना अनुमति के उसकी बीएससी एमएलटी डिग्री का सर्टिफिकेट इस्तेमाल कर सेंटर चला रहे थे। इस आरोप के बावजूद आदेश की अवहेलना करते हुए पैथोलॉजी सेंटर चालू पाया गया, जिसके बाद संचालक को पुलिस के हवाले किया गया और कागजात की जांच जारी है।