गढ़वा : भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रितेश चौबे ने झामुमो सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि हेमंत सरकार चुनावी योजना में युवाओं की जान ले रही है। पलामू में उत्पाद सिपाही भर्ती दौड़ मामले में कई युवाओं की मौत हो गई और अनेक युवा जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। श्री चौबे ने आरोप लगाया कि हेमंत सरकार चुनाव नजदीक आने पर हड़बड़ी में रोजगार देने के नाम पर ढोंग कर रही है और युवाओं के भविष्य से खेलते हुए अब उनकी जान से भी खेलने लगी है।
श्री चौबे ने सवाल उठाया कि झामुमो सरकार साढ़े चार साल सत्ता में रहने के बावजूद बहाली क्यों नहीं की, और अब जब चुनाव नजदीक आ गया तो युवाओं को रोजगार के नाम पर ठगने के लिए बहाली का ढोंग कर रही है।
Advertisement
उन्होंने कहा कि उत्पाद सिपाही भर्ती दौड़ में हेमंत सरकार ने दौड़ स्थलों पर कोई व्यवस्था नहीं की थी। अस्पताल में घायल युवाओं को इलाज के लिए बेड तक नहीं मिला और उन्हें फर्श पर लेटाया गया। इस अव्यवस्था के कारण युवाओं को जान से हाथ धोना पड़ा है। उन्होंने मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की।
श्री चौबे ने कहा कि झामुमो सरकार मृतक के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये मुआवजा दे और सार्वजनिक रूप से माफी मांगे। उन्होंने याद दिलाया कि झामुमो ने सत्ता में आने से पहले हर साल पांच लाख युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन अब तक युवा रोजगार के नाम पर भटकते रहे हैं और उन्हें पलायन करना पड़ा है।
उन्होंने कहा कि उत्पाद सिपाही भर्ती दौड़ परीक्षा लेने का सही समय अभी नहीं है, क्योंकि चारों तरफ उमस भरी गर्मी है।
Advertisement
फिर भी विधानसभा चुनावों में अपनी झूठी उपलब्धि गिनाने के नाम पर जबरन बहाली का ढोंग चल रहा है। यह बहाली पहले भी हो सकती थी, लेकिन वगैर मेडिकल सुविधा के मानकों के विपरीत बहाली के नाम पर युवाओं को मौत के मुंह में ढकेल दिया गया। चौबे ने कहा कि झामुमो सरकार को पता चल चुका है कि वे अब दुबारा सत्ता में नहीं आने वाली है, क्योंकि झारखंड के विकास से झामुमो का कोई मतलब नहीं है।