गढ़वा : गढ़वा में खाद की कालाबाजारी के खिलाफ प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमुद झा ने बड़ी कार्रवाई किया है। कालाबाजारी के खिलाफ अभियान के दौरान आज गढ़वा के रंका रोड स्थित राहुल सीड्स स्टोर के दुकान व गोदाम पर छापेमारी किया, जहां पर कालाबाजारी की नीयत से स्टोर किए गए यूरिया खाद बरामद किया गया तथा दुकान एवं गोदाम को सील कर दिया गया है।
इस ऑपरेशन के संबंध में बीडीओ श्री झा ने बताया कि लगातार सूचना मिल रही थी कि खाद का अवैध कारोबार किया जा रहा है। इस सूचना के आलोक में उन्होंने एक योजना तैयार की। योजना के अनुसार कनीय अभियंता सुमित को ग्राहक बनाकर दुकान में जब भेजा गया तो दुकानदार ने आदतन लगभग दुगने दाम पर यूरिया खाद देने को तैयार हो गया।
कनीय अभियंता अमित को दुकानदार ने निर्धारित दर 264 प्रति बोरा के बजाए 500 में यूरिया खाद देने की बात कही। इस दौरान सुमित ने 1000 में दो बोरे खाद लिया तथा जाकर यूरिया की चल रही कालाबाजारी की खेल की जानकारी बीडीओ कुमुद झा को दी।
तत्पश्चात गढ़वा बीडीओ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तत्काल रंका रोड स्थित राहुल सीड्स स्टोर में छापेमारी किया तथा दुकान को सील किया। उन्होंने कहा कि खाद के कारण किसानों के फसल बर्बाद हो रहे हैं, जबकि दुकानदारों द्वारा अवैध कालाबाजारी किया जा रहा है, और ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी दुकानदार को बख्शा नहीं जाएगा, अगर वे कालाबाजारी करते हुए पकड़े गए तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह छापामारी अभियान आगे भी जारी रहेगा। आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराया जाएगा।
इधर गढ़वा बीडीओ के द्वारा किए गए इस कार्रवाई को ले, इस बात की भी चर्चा है कि कल ही स्थानीय विधायक व पेयजल स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर खाद की कालाबाजारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग किया था। लिहाजा आज के इस छापेमारी अभियान को इससे भी जोड़कर देखा जा रहा है।