मझिआंव (गढ़वा) : नगर विकास सह आवास विभाग द्वारा नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर 3 में वित्तीय वर्ष 2015-16 में स्वीकृत विवाह मंडप भवन निर्माण की लागत एक करोड़ 94 लाख 86 हजार 333 रुपये की लागत से कराया गया है। रविवार को कार्यपालक पदाधिकारी कमल कुमार सिंह एवं कार्यपालक अभियंता आफताब आलम अपने टेक्निकल इंजीनियर के साथ बनाए गए नए विवाह मंडप का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पदाधिकारियों ने विवाह मंडप के फर्श पर पॉलिश एवं भवन के अंदर इंटरकॉम टेलीफोन का अभाव बताया। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द विवाह मंडप भवन को हैंडओवर ले लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मेहमानों के विश्राम करने के लिए भवन के अंदर लगाए 8 बेड, 8 सोफा, 5 एसी, 4 ड्रेसिग टेबल, 4 टेबल, 125 कुर्सी, 2 मूविग चेयर, 10 पंखा बड़ा, छोटा पंखा 20, डिजिटल 15 केवी का डीजे जनरेटर एवं सामुदायिक रसोईघर में अग्नि सेवा समेत कई जरूरतमंद चीजें उपलब्ध गई है।
टीम के साथ मौजूद इलेक्ट्रिक टेक्निकल इंजीनियर सुमन कुमार ने भवन के अंदर लगाए गए इलेक्ट्रिक उपकरणों की बारीकी से जांच की। निरीक्षण के दौरान मौके पर उपस्थित कार्यकारी नगर पंचायत अध्यक्ष सुमित्रा देवी ने कहा कि विवाह मंडप बन जाने से अब लोगों को शादी-विवाह के आयोजन के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। निर्धारित शुल्क पर विवाह मंडप उपलब्ध कराया जाएगा।
इस मौके पर सहायक लिपिक अनूप तिवारी, सफाई प्रभारी राकेश श्रीवास्तव, नाजिर अमित पाठक, ददन सिंह, महेंद्र सिंह कालिया आदि लोग मौजूद थे।