भवनाथपुर : सावन के चौथे सोमवार को श्रद्धा का सैलाब शिव मंदिरों में उमड़ पड़ा। विशेष रूप से घाघरा स्थित शिव पहाड़ी गुफा मंदिर में भव्य कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में महिलाएं, युवतियां, पुरुष और बच्चे शामिल हुए।
कांवड़ यात्रा की शुरुआत सुबह 9 बजे शिव पहाड़ी गुफा से हुई। 12 किमी की यात्रा के बाद भक्त केतार पहुंचे, जहां पंडा नदी तट पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ जल भरने की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद भक्तों ने पदयात्रा करते हुए भगवान घाटी, सिंघिताली, मुस्कनिया पहाड़, केतार मोड़, रेलवे साइडिंग और पुराने कॉलेज रोड होते हुए शिव पहाड़ी गुफा मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का 150 फीट अवस्थित शिवलिंग पर जलाभिषेक किया।
यात्रा के दौरान भक्त "हर हर महादेव" के जयकारों के साथ डीजे की धुन पर झूमते हुए आगे बढ़ रहे थे। मंदिर परिसर में भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए थाना प्रभारी कृष्ण कुमार और पुलिस के जवान तैनात थे।
इस अवसर पर पूर्व विधायक अनंत प्रताप देव और गढ़वा जिला परिषद अध्यक्ष शांति देवी भी उपस्थित थे। कांवड़ यात्रा को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष ब्रजेश गुप्ता सहित कई अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
शिवभक्तों के लिए जगह-जगह की गई शरबत की व्यवस्था :
कांवड़ यात्रा के दौरान भवनाथपुर-केतार मुख्य पथ पर विभिन्न स्थानों पर शिवभक्तों के लिए शरबत और पानी की व्यवस्था की गई थी।
पूर्व विधायक अनंत प्रताप देव ने सिंघीताली गाँव के पास शिवभक्तों को शरबत पिलाया। इसी तरह मुस्कनी चपरी मोड़, कर्पूरी चौक और रेलवे साइडिंग के समीप स्थानीय लोगों और व्यवसायियों ने भी शिवभक्तों के लिए शरबत और पानी की व्यवस्था की थी।
पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था के बीच मंदिर परिसर में महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग लाइन की व्यवस्था की गई, जिससे सभी भक्त सुचारू रूप से भगवान शिव का अभिषेक कर सके।