गढ़वा : यूरिया खाद की कालाबाजारी से पलामू प्रमंडल के किसानों में हाहाकार मची है। खाद की कालाबाजारी में लाइसेंस धारियों सहित पैक्स, लैंप्स एवं ईफको की भी संलिप्तता बताई जा रही है। गढ़वा विधायक झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर इस मामले से अवगत कराते हुए खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाते हुए किसानों की समस्या दूर करने एवं दोषियों को दंडित करने की मांग किया है।
इस संबंध में मंत्री श्री ठाकुर ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को लिखे पत्र में कहा है कि कृषकों की अधिसंख्य आबादी वाले पलामू प्रमंडल के तीनों जिला गढ़वा, पलामू एवं लातेहार में यूरिया खाद की कालाबाजारी से किसान काफी परेशान हैं।
इन जिलों में धड़ल्ले से की जा रही खाद की कालाबाजारी में लाइसेंस धारक विक्रेताओं सहित सहित लैंप्स, पैक्स एवं ईफको की भी संलिप्तता बताई जा रही है। लाइसेंस धारकों के पास ई पॉस मशीन नहीं होने से उन्हें कालाबाजारी करने में काफी सुविधा हो रही है। अच्छी मानसून होने के बावजूद इन जिलों में खरीफ एवं तेलहन की फसल पर काफी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। मंत्री श्री ठाकुर ने सीएम से किसानों को तत्काल निर्धारित दर पर उचित मात्रा में खाद उपलब्ध कराने तथा कालाबाजारी मामले की अधिकार प्राप्त उच्च स्तरीय समिति अथवा भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो से तत्काल जांच कराकर लाइसेंसधारियों, पैक्स, लैंप्स संचालकों एवं ईफको तथा कालाबाजारी करने वाले अन्य खाद विक्रेताओं पर कठोर कार्रवाई करने की मांग किया है। ताकि भविष्य में खाद कालाबाजारी करने वालों पर रोक लग सके।