रमना (गढ़वा) : रविवार का दिन रमना सड़क दुर्घटनाओं के नाम रहा पहली घटना में एक 10 वर्षीय बच्ची की मौत हो गयी, जबकि दूसरी घटना दोपहर के लगभग 2 बजे कबिसा मोड़ के पास घटी। इस घटना में बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के कुशडण्ड गांव निवासी अफजल अंसारी की 30 वर्षीया पत्नी सजराना बीबी की मौत ट्रक के चपेट में आने से हो गयी है।
जानकारी के अनुसार अफजल अपनी पत्नी सजराना,भाई असफाक अंसारी एवं पांच वर्षीय पुत्र अहमद अंसारी को बाइक से लेकर पचपड़वा स्थित अपना ससुराल जा रहा था। इसी बीच कबिसा मोड़ के समीप पीछे से ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे ट्रक के चक्का के नीचे सिर आ जाने से सजराना की मौत मौके पर ही हो गयी है। वहीं सभी बाइक सवार घायल हो गये।
घटना की सूचना पाकर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए गढ़वा भेजते हुए सभी घायलों को इलाज के लिए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया। जहाँ इलाज के बाद सभी को छुट्टी दे दी गयी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।