गढ़वा : गढ़वा शहर में पिछले कुछ महीनों से लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इन चोरों से दो मोटरसाइकिल, चार मास्टर चाबियाँ और एक मोबाइल बरामद किया है।
गढ़वा के एसडीपीओ नीरज कुमार ने प्रेसवार्ता में बताया कि पिछले कुछ महीनों से शहर में बाइक चोरी की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही थी। इसे लेकर पुलिस अधीक्षक गढ़वा ने एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया था। एसआईटी के सदस्यों ने सदर अस्पताल, कचहरी और बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थलों पर सादे लिवास में पुलिस के जवानों को तैनात किया।
Advertisement
मंगलवार की शाम को संदेह के आधार पर पुलिस ने पलामू जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र के उमैनी गांव निवासी विकास यादव को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान विकास ने बताया कि उसके दो साथी गढ़वा बस स्टैंड पर बाइक चोरी करने के फिराक में हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने बस स्टैंड की घेराबंदी कर पलामू जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र के खड़कपुर निवासी आकाश कुमार गुप्ता और चैनपुर थाना क्षेत्र के ककरी गांव निवासी शिवकुमार चौधरी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार व्यक्तियों से पुलिस ने दो चोरी की बाइक बरामद की हैं। पूछताछ के दौरान चोरों ने खुलासा किया कि वे मास्टर चाबियों की मदद से बाइक चुराते थे और फिर मौके से फरार हो जाते थे। गिरोह के अन्य दो सदस्य अभी फरार हैं और पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए खोजबीन कर रही है।
Advertisement
गढ़वा शहर में पिछले कुछ महीनों से लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं से परेशान पुलिस को इस सफलता से बड़ी राहत मिली है। पुलिस की इस कार्रवाई से उम्मीद है कि शहर में बाइक चोरी की घटनाओं में कमी आएगी।