गढ़वा : गढ़वा शहर इन दिनों चोरों के आतंक से त्रस्त है। विशेष पोशाक पहने चोर गिरोह ने आज शहर के रिहायशी इलाका पीपरा खुर्द में एक बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया है। चोरों ने सैनिक ललन सिंह के घर से लगभग पचास लाख रुपए की चोरी की, जिसमें सोना, चांदी के गहने और नगदी सहित अन्य सामान शामिल हैं।
ललन सिंह, जो स्वयं सेवानिवृत सैनिक हैं, ने बताया कि उनके दोनों बेटे वर्तमान में आर्मी में पोस्टेड हैं। जब घर में चोरी हुई, उस वक्त ललन सिंह, उनकी बीमार पत्नी और उनका छोटा पोता गहरी नींद में थे। चोरों ने इसी का फायदा उठाकर इस भीषण चोरी की घटना को अंजाम दिया।
इस घटना के बाद आसपास के लोगों में भय व्याप्त हो गया है। इससे पहले भी इसी गिरोह द्वारा दो अन्य घरों में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं।
Advertisement
चोरी की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नीरज कुमार, शहर थाना प्रभारी बृज कुमार और पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित ललन सिंह से पूरी जानकारी ली। वहीं, एफएसएल की टीम भी जांच में जुटी है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि गढ़वा जिला पुलिस टीम पूरी तरह सशक्त है और हर छोटे-बड़े मामलों का त्वरित अनुसंधान कर उनका खुलासा कर रही है। चोरी की इस घटना की जांच के साथ-साथ चोरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी शुरू कर दी गई है। जल्द ही चोर गिरफ्त में होंगे।