भवनाथपुर : प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय धंगरडीहा में पदस्थापित सहायक शिक्षक शेख तौहीद का भंडरिया प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय रहता टू में प्रतिनियोजित किए जाने के बावजूद उक्त शिक्षक अपने मूल विद्यालय में ही जमे हुए हैं। जिला शिक्षा अधीक्षक द्वारा आदेश दिए जाने के बावजूद, शेख तौहीद नियमित रूप से विद्यालय आ रहे हैं और बायोमैट्रिक उपस्थिति भी बना रहे हैं।
क्या है मामला:
जानकारी के अनुसार, उत्क्रमित मध्य विद्यालय धंगरडीहा में पदस्थापित सहायक शिक्षक शेख तौहीद द्वारा 31 जुलाई को क्षेत्र में शांति और सौहार्द बिगाड़ने के उद्देश्य से विद्यालय के बच्चों को सरस्वती वंदना करने से रोकने और एक शिक्षक के साथ हाथापाई करने की खबर विभिन्न अखबारों में प्रकाशित हुई थी।
Advertisement
इसके बाद गढ़वा उपायुक्त के निर्देश पर शिक्षा अधीक्षक द्वारा 1 अगस्त 2024 को ज्ञापांक 605 के तहत शेख तौहीद को भंडरिया प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय हरता में प्रतिनियोजित किया गया था। बीईईओ को भी निर्देशित किया गया था कि पत्र प्राप्ति के साथ ही संबंधित शिक्षक को प्रतिनियोजित विद्यालय में योगदान हेतु तत्काल विरमित करते हुए उक्त शिक्षक के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई किए जाने हेतु जांच प्रतिवेदन समर्पित करें।
हालांकि, बीआरसी कार्यालय भवनाथपुर द्वारा छह दिन बीतने के बाद भी उक्त शिक्षक को विरमित नहीं किया गया है, जिससे शिक्षा विभाग के अधिकारियों पर सवालिया निशान खड़ा हो गया है।
इस मामले में जिला शिक्षा अधीक्षक अनुराग मिंज ने कहा, "मैं कुछ दिन पूर्व ही प्रभार लिया हूं। इसकी मुझे जानकारी नहीं है, अगर इस तरह का मामला है, तो अविलंब कार्रवाई की जाएगी।