कांडी : प्रखंड के पतरिया पंचायत अंतर्गत शिवरी गांव निवासी लक्ष्मण पाल का मिट्टी का कच्चा घर बुधवार को तेज बारिश में पूरी तरह ध्वस्त हो गया।
इस घटना में पीड़ित की पत्नी रवन्ति देवी मिट्टी के नीचे दब गयी। गांव वालों ने किसी तरह मिट्टी के अंदर से उसे निकालकर इलाज के लिए गढ़वा भेजा। इस घटना में रवन्ति का एक पैर टूट गया व कुल्हे में भी गंभीर चोट लगी है। लक्ष्मण पाल उक्त घर में अपने छह सदस्यों के साथ रहते हैं। घर ध्वस्त हो जाने से पूरा परिवार अब बेघर हो गया। उक्त परिवार अपने पड़ोसी उदय पासवान के घर में शरण लिए हुए है। इस बरसात में उसी ध्वस्त घर के बाहर ईंट रखकर खाना बना रहे हैं। इस परिवार को अभी तक सरकार की ओर से किसी भी तरह का आवास का लाभ नहीं मिला है।
Advertisement
अबुआ आवास योजना में भी उक्त परिवार का नाम नहीं है।
प्रखण्ड प्रमुख सत्येंद्र कुमार पांडेय उर्फ पिंकू पाण्डेय ने पीड़ित परिवार के घर जाकर आर्थिक सहयोग प्रदान करते हुए 50 किलोग्राम चावल भी उपलब्ध कराया। साथ ही उपायुक्त को लिखित सूचना देकर पीड़ित परिवार को आवास उपलब्ध कराने की बात कही है।
मौके पर पूर्व बीडीसी प्रमोद राम सहित कई लोग उपस्थित थे।