बड़गड़ : बड़गड़ प्रखंड के भाजपा कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रीय विधायक आलोक कुमार चौरसिया के निरंतर प्रयासों के फलस्वरूप झारखंड सरकार द्वारा बड़गड़ को थाना का दर्जा देने पर आभार प्रकट किया है। 24 जुलाई को आयोजित कैबिनेट बैठक में हेमंत सरकार द्वारा बड़गड़ में नए थाना के सृजन हेतु अधिसूचना जारी करने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और प्रखंडवासियों में खुशी का माहौल है।
प्रेस वार्ता में मंडल अध्यक्ष बजरंग प्रसाद के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधायक आलोक कुमार चौरसिया के महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की। उन्होंने बताया कि विधायक चौरसिया ने बड़गड़ के लोगों को सुरक्षा मुहैया कराने और लंबे समय से नक्सली समस्या से जूझ रहे यहां के आम लोगों की सुरक्षात्मक व्यवस्था नजदीक लाने के लिए लगातार प्रयास किए हैं।
वे कई बार विधानसभा में बड़गड़ को थाना बनाने के मुद्दे को मजबूती से उठाते रहे और सरकार को अनुसंसा भेजते रहे, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है।
प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का भी धन्यवाद दिया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सांसद प्रतिनिधि आनंद सोनी, जिला कार्यसमिति सदस्य सुरेश प्रसाद केसरी, पूर्व मंडल अध्यक्ष सह जिला कार्यसमिति सदस्य रमेश प्रसाद गुप्ता, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता बसंत सोनी, परसुराम सिंह, मनीष गुप्ता, सुनील दास, टुनटुन प्रसाद सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।