भवनाथपुर : भवनाथपुर खरौंधी मुख्य पथ पर गुरुवार की सुबह मकरी के ढेकुलिया टोला के समीप बाइक के धक्के से ढेकूलिया टोला निवासी माखन ठाकुर (72 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सक नीतीश भारती ने प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें सदर अस्पताल गढ़वा रेफर कर दिया।
वहीं, परिजनों ने बाइक को पकड़ कर अपने पास रख लिया है। बताया जा रहा है कि वृद्ध माखन ठाकुर गुरुवार की सुबह मुख्य पथ पर टहल रहे थे, तभी भवनाथपुर से खरौंधी की तरफ जा रहे उत्कर्ष माइक्रो फाइनेंस के कर्मी की बाइक से उन्हें धक्का लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
दूसरी ओर, चपरी के बिफन बैठा की पत्नी तेतरी देवी गुरुवार की दोपहर सर्पदंश से घायल हो गईं।
Advertisement
परिजनों द्वारा तत्काल उन्हें इलाज हेतु स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार तेतरी देवी गुरुवार की दोपहर में किसी काम से अपने खेत गई थीं। खेत के मेढ़ पर चलने के दौरान सांप ने डंस लिया, जिससे वह घायल हो गईं।