गढ़वा :
गढ़वा की जन समस्याओं को जानने, समझने और यथासंभव समाधान के लिए पूर्व मंत्री गिरनाथ सिंह की परिवर्तन यात्रा अनवरत जारी है। आज की यात्रा रंका प्रखंड के पंचायत बाहाहारा के गासेदाग, जसोबार के साथ तमगे पंचायत के जोगीखुरा, मूंगदह, तमगेखुर्द के विभिन्न गांवों में पहुंची। बीते कई दिनों से जारी इस अनवरत यात्रा से जनता को सीधे लाभ हो रहे हैं, जहां वे अपनी समस्याओं को सीधे तौर पर सामने रख पा रहे हैं और तत्पश्चात यथा संभव समाधान किए जा रहे हैं।
गिरनाथ सिंह ने इस यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि परिवर्तन यात्रा जन समस्याओं के समाधान हेतु कटिबद्ध है। उन्होंने कहा, "गढ़वा को सशक्त, समृद्ध और विकसित बनाने के लिए हम संकल्पित हैं।
आज गढ़वा अपने बदहाली पर रो रहा है, सड़क, पानी, बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं भी गढ़वा के लिए सपने जैसा है। यहां के विधायक राज्य सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री हैं, परंतु पेयजल के मामले में गढ़वा पूरे राज्य में सबसे फिसड्डी है। विभागीय मंत्री होने के बावजूद गढ़वा का पीछे होना एक बेहतर नेतृत्वकर्ता की कमी को दर्शाता है।"
कार्यक्रम में मुख्य रूप से सुलपानी सिंह, पारस यादव, सुनील माली, भागीरथी सिंह, जेठू सिंह, बिमला कुंवर (महिला नेत्री), विश्वनाथ साव, वजिफ अंसारी, राजेंद्र लोहार (पूर्व पंचायत समिति) समेत सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।