भवनाथपुर : अबूआ आवास में भ्रष्टाचार, मनरेगा, पेंशन सहित आठ सूत्री मांगों को लेकर मंगलवार सुबह 10 बजे से जारी पंचायत समिति सदस्य सह पंचायत समिति सदस्य संघ के प्रखंड अध्यक्ष चंदन कुमार ठाकुर का आमरण अनशन प्रखंड विकास पदाधिकारी नंद जी राम से वार्ता और लिखित आश्वासन के बाद रात 8 बजे समाप्त हुआ।
प्रखंड विकास पदाधिकारी ने पंसस चंदन कुमार ठाकुर से आधे घंटे की वार्ता के बाद उन्हें जूस पिलाकर अनशन समाप्त करवाया। सुबह से रात तक स्वास्थ्य विभाग की टीम समय-समय पर पंसस चंदन के स्वास्थ्य की जांच करती रही।
चंदन कुमार ठाकुर ने बताया कि प्रखंड विकास पदाधिकारी ने अधिकतर मांगों को मानते हुए लिखित आश्वासन दिया, जिसके बाद अनशन समाप्त करने का निर्णय लिया गया।
इस मौके पर उप मुखिया दयानंद यादव, घनश्याम शुक्ला, मनोज पहाड़िया, दयानंद प्रजापति, मनोज बैठा, रमेश चंद्रवंशी, सीता राम पासवान, सुजीत सिंह, रामाधार राम, बिनोद ठाकुर, सोनू ठाकुर, वैश खान सहित सैकड़ों लोग मौजूद थे।