गढ़वा : सदर थाना क्षेत्र के पचपड़वा बाजार में दिनदहाड़े अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान गढ़वा थाना क्षेत्र के महुलिया नवाडीह गांव निवासी करार अंसारी के पुत्र तैयब अंसारी (25 वर्ष) के रूप में हुई है।
घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि तैयब अंसारी पचपड़वा बाजार में कुछ काम के लिए गया था। इसी दौरान स्कॉर्पियो से आए अज्ञात अपराधियों ने गोली चला दी, जिसमें तैयब अंसारी के सिर में गोली लगी। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में उसे सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना का कारण फिलहाल परिजन बताने से इनकार कर रहे हैं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस सदर अस्पताल पहुंच गई है।
Advertisement
इस संबंध में थाना प्रभारी वृज कुमार ने बताया कि अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या की है। सूचना मिलने के बाद पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।