गढ़वा : अपनी सेवा को नियमितीकरण समेत विभिन्न मांगों को लेकर सहायक पुलिसकर्मी हड़ताल पर चले गए हैं। सहायक पुलिसकर्मी पिछले एक सप्ताह से आंदोलन पर थे और सभी लोगों को अपनी मांग को लेकर आवेदन दे चुके थे। मंगलवार को सभी स्थाई तौर पर हड़ताल पर चले गए हैं। सहायक पुलिस के जवानों ने मंगलवार को पुलिस लाइन में सभा की। जवानों ने कहा कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं की जाती हैं तो वे वर्दी बचाव पदयात्रा करेंगे। इसके बाद वे राजभवन के समक्ष आमरण अनशन करेंगे। उनके मामले में किसी स्तर पर फैसला नहीं लिया जा रहा है मजबूर होकर आंदोलन का रुख किया है। सहायक पुलिस कर्मियों की 2017 में भर्ती हुई थी। जिसमें गढ़वा में 180 जवानों की भर्ती हुई थी, प्रत्येक वर्ष एसपी के स्तर से सहायक पुलिस के कार्यो की समीक्षा होनी थी जबकि तीन वर्ष के बाद डीआइजी सेवा आगे बढ़ाने को लेकर फैसला लेना था।
सहायक पुलिस के जवानों ने मामले की जानकारी एसपी को दे दी है। उसके बाद हड़ताल पर गए हैं, जवानों का कहना है कि नक्सल को कम करने के लिए उनकी भर्ती हुई थी। अब नक्सल कमजोर हो गए तो उनके साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। तीन वर्ष तक वर्दी में रहने के बाद उनकी उम्र भी इस मुकाम पर आ गई है कि वे किसी और सेवा में नहीं जा सकते है।
इस मौके पर अविनाश द्विवेदी, अशोक रवि, परेश यादव, अनुज कुमार ठाकुर, विवेक प्रजापति, कुमारी सोनम, संध्या कुमारी, चंपा कुमारी आदि का नाम शामिल है।