विभिन्न विभागों के 10 लाख 26,400 रूपए राजस्व की प्राप्ति
गढ़वा : सरकार के निर्देशानुसार प्रधान जिला जज सह डीएलएसए चेयरमैन राजेश शरण सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को आयोजित लोक अदालत में 128 मामलों का निष्पादन किया गया वहीं विभिन्न विभागों के 10 लाख 26 हजार चार सौ रुपए राजस्व की वसूली की गई। मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए पांच बेंचों का गठन किया था जिसमें नगर उटारी अदालत के भी मामले सम्मिलित थे।
गठित बेंचों में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश शिवनाथ त्रिपाठी, एसीजेएम नगर उटारी अरविंद कच्छप, एसीजेएम गढ़वा सुश्री संगीता, एसडीजेएम मोनिका प्रसाद और न्यायिक दंडाधिकारी अनुलिका कुमार के साथ अधिवक्ता प्रवीण कुमार साहू, हंसेशवर पांडे, नित्यानंद दुबे अनीता रंजन, उत्तम कुमार भारती के नाम शामिल हैं।
निष्पादित किए गए मामलों में बैंकों से संबंधित 20 मामले, विभिन्न अदालत में लंबित सुलहनीय 44 मामले, विद्युत विभाग के 45 मामले, प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय रामबचन सिंह की अदालत से दो मामले, नगर उटारी अनुमंडल दंडाधिकारी की अदालत से 17 मामलों सहित 128 मामलों का निष्पादन किया गया।
विभिन्न विभागों के 10 लाख 26400 राजस्व की वसूली हुई। लोक अदालत में मामलों के निपटारे से कोर्ट की भीड़ कम होती है वहीं लोगों की भी परेशानी कम होती है।