गढ़वा : डंडा थाना में पुलिस द्वारा एक युवक के साथ बेरहमी के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। डायन बिसाही को लेकर एक महिला के आवेदन पर डंडा थाना पुलिस ने शनिवार को कथित आरोपितों को थाना में बुलाया। वहां दोनों पक्ष को बैठाकर बातचीत व समझौते की कवायद भी हुई। फिर आरोपितों से पैसे की मांग की गई। लेकिन तत्काल पैसे देने में असमर्थता जताने पर आरोपितों को थाना के हाजत में बंद कर दबाव बनाया गया। फिर एक पुलिस अधिकारी ने आरोपित सुदेश्वर चौधरी को हाजत से बाहर निकाल कर उसके शरीर पर बूट पहने हुए चढ़कर बेरहमी से पिटाई कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
क्या है पूरा मामला
डंडा थाना क्षेत्र के बोंगासी गांव की सुचिता कुंवर के पति राम प्रवेश चौधरी की मौत 24 अप्रैल 2024 को सड़क दुर्धटना में हुई थी।
तब उक्त महिला के भसूर सुदेश्वर चौधरी, पिता लक्ष्मी चौधरी ने अपने भाई घायल राम प्रवेश को मेदिनीनगर अस्पताल में इलाज के लिए ले गया था। लेकिन राम प्रवेश को बचाया नहीं जा सका। इसे लेकर सूचिता कुंवर ने आरोप लगाया कि उसके पति का समुचित इलाज नहीं कराया गया और जानबूझ कर मौत के मुंह में धकेल दिया गया। साथ ही अपनी गोतनी कांति देवी पति सुदेश्वर चौधरी पर भी डायन होने का आरोप लगाया। इसे लेकर अक्सर नोंकझोंक होने लगी। तब सूचिता कुंवर ने अपने पिता, डंडा थाना क्षेत्र के गोपाल चौधरी, मां तेतरी देवी, भाई हरेलाल चौधरी के साथ थाना में जाकर भसूर, गोतनी समेत नौ लोगों के विरूद्ध दिया कि उसे डायन कह कर प्रताड़ित किया जा रहा है। बताया गया कि इसके बाद पुलिस के बुलावे पर दोनों पक्ष 18 मई को थाना में पहुंचे।
वहां सुदेश्वर चौधरी, विद्या चौधरी, कर्मदेव चौधरी, कांति देवी एवं सरिता देवी को हाजत में बंद कर दिया। इन लोगों से 15 हजार रूपये लेकर मामले को रफा-दफा करने का सौदा भी तय हो गया। लेकिन दो दिन बाद पैसा देने की बात आने पर डंडा थाना प्रभारी भड़क गए। इसके बाद सुदेश्वर चौधरी को थाना में ही जम कर धुनाई कर दिया। इसके बाद पुलिस ने सभी लोगों को थाना से छोड़ दिया।
इस घटना को लेकर पीड़ित का पूरा परिवार भयभीत है। साथ ही इस मामले की शिकायत पुलिस के आला अधिकारियों से करने एवं न्यायालय में मामला दर्ज कराने की तैयारी में है।