नहाने के क्रम में कच्चे कुएं में डूब गये दोनों
रंका : थाना क्षेत्र के कंचनपुर पंचायत के लुकुम्बार गांव निवासी लालमुनी यादव के 21 वर्षीय पुत्र विनय यादव और इसी गांव के पुनेश यादव के 15 वर्षीय पुत्र धनंजय यादव रविवार को कच्चा कुआं में नहाने के क्रम में डूब गये। दोनों का शव कुंआ से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।
परिजनों के अनुसार रोज की भांति वे दोनो अहले सुबह में भैंस और बकरी चराने जंगल की ओर जाते थे और दस बजे तक लौट जाते थे। रविवार को दोपहर तक 11 बजे बकरियां वापस घर पहुंच गयीं, लेकिन विनय एवं धनंजय घर नहीं पहुंचे। दोनों के परिजनों ने दोपहर तक इंतजार किया और देर होने पर गांव के लोग भी खोजने निकले।
इसी क्रम में एक कुंआ जो खोद कर छोड़ दिया था, उसी कुआं के पास एक का चप्पल और गमछा दिखा। एक जगह कपड़ा पाया गया। कुंआ में डूबने के आशंका पर पंप लगाकर पानी निकलने पर दोनों का शव तली में कीचड में फंसा मिला।
रंका पुलिस स्थल पर पहुंच शव को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल भेज दिया।
थाना प्रभारी अनिल नायक ने बताया कि नहाने के क्रम में डूबने की आशंका है वैसे पुलिस अपने स्तर से जांच कर रही है। कुंआ के बाहर कपडा खोल कर रखने से यह दुर्घटना की ही ओर इंगित करता है। एक ही मुहल्ले से दो युवकों की मौत से लुकुंमबार सहित आस-पास के गांव में भी मातम पसरा है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
बीडीओ देवानंद राम ने बताया कि सामाजिक सुरक्षा के तहत आश्रितों को मुआवजा अविलंब उपलब्ध कराया जायेगा। साथ ही प्रावधान के अनुसार अन्य मदद पहुंचायी जायेगी।