धुरकी : प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत गनियारीकला पंचायत से लेकर मीरचईया गांव तक मुख्यमंत्री सड़क योजना से नव निर्माण हो रहे कालीकरण में ठेकेदार के द्वारा घटिया पत्थर व निम्न स्तर का गिट्टी सीमेंट मैटेरियल का प्रयोग होता देखकर ग्रामीणों ने शनिवार को जमकर हंगामा किया। सड़क निर्माण करा रहे ठेकेदार के खिलाफ स्थानीय ग्रामीणों ने गनियारीकला पंचायत अंतर्गत डारी टोला मे जमकर हंगामा करते हुए ठेकेदार और मुंशी का भी विरोध किया।
स्थानीय ग्रामीण लक्ष्मण सिंह, मनिष तुरिया, असगर अंसारी, रामचंद्र सिंह, देवराज सिंह, विफे सिंह सहित दर्जनों ग्रामीणों ने नारेबाजी करते हुए ठेकेदार के खिलाफ विभागीय कार्रवाई व कार्य करा रहे मुंशी की दादागिरी से क्षुब्ध होकर ग्रामीणों ने मुंशी पर दादागिरी करने का भी आरोप लगाया।
उपरोक्त ग्रामीणों ने कहा कि गनियारीकला गांव आदिवासी बाहुल्य है, वहीं आजादी के बाद इस सड़क का पहलीबार कालीकरण किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने कहा कि सड़क को पहले सुदृढ़ीकरण करने के बाद कालीकरण करना है, लेकिन ठेकेदार अपनी मनमानी करते हुए जैसे-तैसे बिना चौड़ाई के और बिना मिट्टी डाले काम करा रहा है। वहीं जब इसका विरोध किया जाता है तब ठेकेदार और मुंशी दादागिरी पर उतारू होकर ग्रामीणों को डराने धमकाने की बात कहते हैं। ग्रामीणों ने कहा कि ठेकेदार को जब स्टिमेट के अनुरूप कार्य करने के लिए कहा जाता है तब वह धमकी देने लगते हैं।