बिजली, नाली, गली एवं पीसीसी नहीं रहने के बावजूद वसूला जाता है होल्डिंग टैक्स
मझिआंव : नगर पंचायत कार्यालय से महज लगभग 200 मीटर की दूरी पर स्थित नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर चार स्थित हरिजन टोला के लोग आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है।
नगर पंचायत बनने के 13 साल बीत जाने के बावजूद भी नगर पंचायत कार्यालय एवं बिजली विभाग के पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों के उदासीन रवैया के कारण यहां के लोग बिजली, नाली, गली एवं पीसीसी जैसे मूलभूत सुविधाओं से बिल्कुल वंचित है। उसके बावजूद भी नगर पंचायत कार्यालय के पदाधिकारी के द्वारा हिटलर शाही अंदाज में होल्डिंग टैक्स जमा करने के लिए दबाव बनाया जाता है। और लोग मजबूर होकर होल्डिंग टैक्स जमा भी करते हैं।
इस मोहल्ले में आज की वर्तमान स्थिति में बरसों से जीर्ण शीर्ण अवस्था में पड़े बिजली पोल के सहारे किसी तरह एक फेज बिजली तार में मक्कड़ जाल की तरह तार का अंकुश लगाकर बिजली जलाने को विवश है। जबकि इस मुहल्ले का सभी घर का बिजली का एग्रीमेंट किया हुआ है और समय समय पर सभी उपभोक्ता बिजली बिल भी जमा करते हैं।
इसकी शिकायत बिजली विभाग के पदाधिकारी के पास दर्जनों बार की जा चुकी है, लेकिन उनके द्वारा हर बार एक ही बात बोलकर टरका दिया जाता है कि बिजली विभाग के पास अभी तार एवं पोल नहीं है, आने के बाद पूरी व्यवस्था कर दी जाएगी। इतना ही नहीं इस मोहल्ले के लोगों को मुख्य सड़क में पहुंचने वाला लगभग तीन फीट का इकलौता मार्ग भी जीर्ण शीर्ण अवस्था में पड़ा है।
पूरे बरसात के मौसम में यहां के लोगों कि जिंदगी नारकीय हो जाती है। नाली से भी वंचित हैं।
इस संबंध में कार्यपालक पदाधिकारी शैलेश कुमार ने कहा कि उसके लिए रिकॉग्निशन भेज दिया गया है। चुनाव को लेकर लगे आचार संहिता के कारण टेंडर नहीं हो पा रहा है। आचार संहिता समाप्त होते हैं उस पर कार्य किया जाएगा। बिजली की समस्या के बारे में उन्होंने कहा कि लोगों द्वारा यदि आवेदन दिया जाएगा, तो मैं बिजली विभाग के अभियंता से बात कर समस्या का समाधान करने के लिए पहला करूंगा।