गढ़वा : भ्रमणशील पशु चिकित्सक डाॅ विनोद कुमार ने पशुपालकों से अपने पशुओं को इस भीषण गर्मी में लू से बचाने की सलाह दी है।
प्रखंड सदर के बीरबांध में पशुपालन विभाग की ओर पशुधन शिविर में उन्होंने बताया कि मनुष्य की तरह पशु भी लू की चपेट में आते हैं और समय से इलाज नहीं होने से जान जा सकती है। पशुओं से दिन के 10 बजे से तीन बजे तक कोई काम नहीं लें। छाया में रखें तथा पानी पीने की भरपूर व्यवस्था रखें तथा दोपहर में चारा या भूसा देने से परहेज करें। गहरे रंग के, ज्यादा वजन वाले और छोटे या नवजात पशुओं में लू की संभावना अधिक होती है।
लू के लक्षण में ज्यादा लार निकलना, जुगाली बंद करना, सुस्त रहना, हांफने लगना और खाना छोड देना आदि कोई भी दिखे तो उनके इलाज की व्यवस्था शीघ्र करनी चाहिए।
मौके पर बडी संख्या में पशुपालक मौजूद थे।