गढ़वा : सीबीएसइ 12 वीं की परीक्षा में 85.6 प्रतिशत अंक लाकर बीपीडीएवी पब्लिक स्कूल गढ़वा की सेकेंड टापर बनी अभिलाषा कुमारी चिकित्सा के क्षेत्र में करियर बनाना चाहती है। वह इस वर्ष की नीट की परीक्षा दे चुकी है।
बता दें कि सोमवार को 12 वीं का परीक्षा परिणाम आया है। अभिलाषा के पिता विजय राम एवं माता इंदु देवी अपनी बेटी की सफलता से बड़ी प्रसन्न हैं। तीन भाई बहनों में अभिलाषा दूसरे नंबर पर है। उसके पैतृक गांव कांडी थाना क्षेत्र के रपुरा में भी परिवार वाले बड़े खुश हैं। घर एवं ननिहाल दोनों ही परिवार के लोग शिक्षा के क्षेत्र में रहे हैं। अभिलाषा के दादा लालमन राम सेवानिवृत शिक्षक हैं। जबकि उसके नाना कांडी थाना क्षेत्र के बहेरवा गांव निवासी सरदार राम भी सेवानिवृत शिक्षक हैं।
वहीं उसके पिता विजय राम सदर अस्पताल में चिकित्साकर्मी हैं। बड़ा भाई अभिनव कुमार भोपाल कालेज से इंजीनियरिंग कर रहा है।
अभिलाषा की मानें तो घर-परिवार के लोगों ने उसे हमेशा ही प्रेरित किया है। उसके माता-पिता ने बेटी समझकर कभी भेदभाव नहीं किया है। इससे वह हमेशा प्रेरित हुई और निरंतर मेहनत रही है। इस वर्ष की नीट की परीक्षा में भी उसे सफल होने का पूरा भरोसा है। चिकित्सक बनने के बाद वह ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को सेवा देकर एक नई मिसाल कायम करना चाहती है।