गढ़वा : पं. हर्ष द्विवेदी कला मंच के तत्वावधान में प्रथम भारतीय स्वाधीनता संग्राम की 167वीं वर्षगांठ के अवसर पर शहर के बंधन मैरेज हॉल में 167 दीप प्रज्जवलित कर तिलक करो इस मिट्टी से... नामक कार्यक्रम की शुरूआत की गई।
इस दौरान प्रथम भारतीय स्वाधीनता संग्राम में अतुल्य भूमिका निभाने वाले प्रथम भारतीय जनक्रांति के प्रणेता गढ़वा जिले के चेमो-सनेया के बलिदानी नीलांबर-पीतांबर, रमकंडा के बलिदानी नारायण साव और बड़गड़ के बलिदानी भूखा साव हलवाई की जन्मस्थली से संग्रहित पावन मिट्टी के कलशों का उपस्थित जनों द्वारा पूजन किया गया। फिर सभी लोगों को उस पवित्र मिट्टी से तिलक किया गया।
इस अवसर पर मंच के निदेशक नीरज श्रीधर ने कहा कि गढ़वा जिला का भारतीय स्वाधीनता संग्राम में अतुलनीय योगदान रहा है।
प्रथम भारतीय जनक्रांति के प्रणेता शहीद नीलांबर-पीतांबर ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर अंग्रेजों के दांत ऐसे खट्टे किए थे कि उसकी खबर ब्रिटेन तक जा पहुंची थी। उसी काल खण्ड के उनके जैसे अनेक भारत माता के वीर सपूतों ने जो अतुल्य योगदान दिया है उसे भुलाया नहीं जा सकता।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक वासुकीनाथ ने कहा कि पंडित हर्ष द्विवेदी कला मंच का तिलक करो इस मिट्टी से...नामक कार्यक्रम अमर शहीदों के प्रति श्रद्धा निवेदित करने का अनुकरणीय आयोजन है।
मौके पर पतंजलि योग समिति के राज्य प्रभारी रासबिहारी तिवारी, संरक्षक जगतारण तिवारी, अनिरुद्ध प्रसाद, अनिल सोनी, पीके मिश्रा, गौतम ऋषि, अनिल सोनी, नीरज मालाकार, शान्वी मधुकर, विजय सोनी, प्रदीप कुमार, पुरुषोत्तम सिंह चंदेल, कौस्तुभ, कुमार गौरव गर्ग, रॉबिन कश्यप, पीयूष, बृजेश, ललन सोनी आदि लोग उपस्थित थे।