गढ़वा : गढ़वा शहर के रंका मोड़ स्थित पेट्रोल पंप के समीप मोटरसाइकिल से गिरकर धीरज कुमार पिता शिव कुमार चौहान घायल हो गया। वह गढ़वा थाना क्षेत्र के महुलिया गांव का रहनेवाला है। सदर अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
बताया गया कि धीरज कुमार अपनी मोटरसाइकिल से गढ़वा शहर में आया था। इस दौरान रंका मोड़ पेट्रोल पंप के समीप मोटरसाइकिल से गिरकर घायल हो गया। उसके बायां पैर में चोट लगी है।
👉एनएच 75 गढ़वा-मुड़ीसेमर मार्ग पर मेराल के समीप बुधवार को चलते हुए मोटरसाइकिल से गिरकर सैरून निशां पति समसुद्दीन अंसारी गंभीर रूप से घायल हेा गई। वह पलामू जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र के मनसारा गांव की रहनेवाली है। सदर अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
बताया गया कि सैरून निशां अपने पुत्र अली रजा के साथ मोटरसाइकिल से भवनाथपुर से अपने घर लौट रही थी। इस दौरान मेराल में यह घटना घटित हो गई। मोटरसाइकिल पर पीछे बैठी सैरून निशां अचानक गिर गई। उसके सिर एवं शरीर के कई हिस्से में चोट लगी है।
👉डंडई थाना क्षेत्र के सोनेहारा गांव निवासी अमानत अंसारी पिता जलसुद्दीन अंसारी ने बुधवार को जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। सदर अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
बताया गया कि जलसुद्दीन अंसारी ने अपनी पहली बीबी के पुत्र अमानत अंसारी को पैतृक संपत्ति में अभी तक हिस्सा नहीं दिया है। जबकि इन दिनों जलसुद्दीन अंसारी ने अपनी दूसरी बीबी की पुत्री की शादी में 70 हजार रुपये देने के लिए अमानत अंसारी पर दबाब बना रहा था।
इसे लेकर पिता-पुत्र में नोंकझोंक हो गई। इससे गुस्से में आकर अमानत अंसारी ने जहरीला पदार्थ खा लिया।
👉भंडरिया-रमकंडा रोड में बैरिया के समीप तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इस घटना में मोटरसाइकिल पर सवार भंडरिया निवासी धर्मराज सिंह पिता स्व. इंद्रदेव सिंह एवं पलामू जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के मायापुर गांव निवासी दीपक मांझी पिता मेठन मांझी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों का गढ़वा सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
बताया गया कि धर्मराज सिंह एवं दीपक मांझी एकही मोटरसाइकिल पर सवार होकर भंडरिया से रमकंडा जा रहे थे। इस दौरान बैरिया के समीप तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होकर इनकी मोटरसाइकिल सड़क किनारे पेड़ में जा टकराई।
इस घटना में मोटरसाइकिल पर सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दीपक मांझी का बायां पैर फ्रैक्चर हो गया। जबकि धर्मराज सिंह के चेहरे एवं शरीर के कई हिस्से में चोट लगी है। राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल भेजवाया गया।
👉 चिनियां थाना क्षेत्र के रणपुरा गांव निवासी अनिल साह की पुत्री निशा कुमारी ने बुधवार को कीटनाशक खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। सदर अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
बताया गया कि निशा कुमारी को उसकी मां ने किसी बात को लेकर डांट-फटकार किया था। इससे गुस्से में आकर उसने आत्महत्या के इरादे से कीटनाशक खा लिया। उसकी तबीयत बिगड़ने पर स्वजनों को निशा कुमारी के कीटनाशक खा लेने की जानकारी हुई। तब उसे सदर अस्पताल में लाकर भर्ती कराया। सदर अस्पताल में इलाजरत निशा कुमारी की हालत स्थिर बनी हुई है।