मझिआंव : थाना क्षेत्र के अधौरा चार मुहान पर बरडीहा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही टेम्पो ने पृथ्वीपुर की ओर जा रहे मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मारते हुए मेन रोड पर ही पलट गई।
इस दुर्घटना में अपने ससुराल पृथ्वीपुर आ रहे मोटरसाइकिल सवार खरसोता गांव निवासी स्व. बनारसी राम का पुत्र श्याम देव राम गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं टेम्पो सवार घुरुआ गांव निवासी शेख माजिद के 37 वर्षीय पुत्र शेख ईल्फाज एवं ग्राम अधौरा निवासी 60 वर्षीय सरजू राम सहित कई अन्य लोग घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद घायलों को पंचायत मुखिया महताब आलम एवं ग्रामीणों की मदद से 108 एंबुलेंस के माध्यम से मझिआंव रेफरल अस्पताल लाया गया। जहां पर उपस्थित चिकित्सक डॉ विनोद कुमार सिंह एवं सहयोगी विकास कुमार, राकेश ठाकुर के द्वारा प्राथमिक उपचार किया गया।
गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टर ने श्यामदेव राम एवं शेख अल्फाज को गढ़वा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अवर निरीक्षक चंदन प्रधान दल बल के साथ पहुंचे और सभी घायलों को अस्पताल भेजा। दोनों वाहनों को जप्त करते हुए थाना लाया गया।