बरडीहा : बरडीहा थाना क्षेत्र के सरस्वतिया गांव निवासी सुखाड़ी यादव की पत्नी चंद्रवती देवी 40 वर्ष की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हो गई। इसे लेकर मृतका के मायके पक्ष के लोगाें ने साजिश कर हत्या कर देने का आरोप लगाया है। जबकि ससुराल पक्ष के लोगों का कहना है कि अचानक पेट में दर्द होने के बाद उसकी मौत हुई है।
इस संबंध में मृतका के ससुर रामजी यादव ने बताया कि वह गांव में ही एक शादी समारोह में गई थी। वहां उसे पेट में दर्द होने लगा। तब वह घर आ गई। रात में अस्पताल ले जाने के लिए गाड़ी की व्यवस्था नहीं होने के कारण घर में ही उपचार कराया गया। इसके बाद उसे आराम हो गया था। लेकिन अचानक उसकी तबीयत फिर बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।
जबकि मृतका के भाई खरडीहा गांव निवासी उमेश यादव ने आरोप लगाया कि उसकी बहन चंद्रवती देवी को ससुराल के लोग हमेशा प्रताड़ित करते थे। उसका पति अक्सर ही चंद्रावती के साथ मारपीट करता था। इसकी जानकारी मिलने के बाद जब मायके के लोग मृतका के पति को समझाने का प्रयास करते तो वह मारपीट करने पर उतारू हो जाता था।
इधर, इस घटना की जानकारी मिलने के बाद बरडीहा थाना पुलिस ने उसके शव को अपने कब्जे में लेकर गढ़वा सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर मृतका के स्वजनों को साैंप दिया। पुलिस ने मामले की छानबीन कर रही है।